मन की बात में पीएम मोदी बोले, सोना और पेट्रोल बचाने की अपील का दिखा असर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 135वें एपिसोड में कहा कि सोना खरीदने से कुछ समय तक बचने, पेट्रोल-डीजल की बचत करने और कार पूलिंग अपनाने की उनकी अपील का देशभर में सकारात्मक असर देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों ने संदेश भेजकर बताया है कि वे इन सुझावों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का प्रयास कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कई परिवारों ने उन्हें जानकारी दी है कि उन्होंने घर में होने वाली शादियों के लिए नया सोना खरीदने का फैसला टाल दिया है। जरूरत पड़ने पर पुराने सोने को रिसाइकिल कर नए आभूषण बनवाने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने इसे जिम्मेदार नागरिकों की सोच बताते हुए देशवासियों का आभार व्यक्त किया।

पीएम मोदी ने बताया कि कई लोगों ने कार पूलिंग को अपनाना शुरू किया है। एक ही दिशा में यात्रा करने वाले लोग अब एक ही वाहन का उपयोग कर रहे हैं, जिससे ईंधन की बचत हो रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे छोटे-छोटे प्रयास देश के लिए बड़े योगदान साबित हो सकते हैं और सामूहिक भागीदारी से किसी भी चुनौती का सामना किया जा सकता है।

इसे भी पढ़ें.  वेनेजुएला में भारतीय नाविक की मौत पर परिवार ने उठाए सवाल, निष्पक्ष जांच की मांग
🔔 हर बड़ी खबर सबसे पहले WhatsApp पर
हमारे WhatsApp Group से जुड़ें
JOIN

प्रधानमंत्री ने इससे पहले ईरान-अमेरिका-इजरायल तनाव के कारण उत्पन्न वैश्विक अनिश्चितता के बीच नागरिकों से कुछ समय तक सोना खरीदने से बचने, ईंधन की बचत करने, विदेश यात्राएं सीमित रखने और कार पूलिंग को बढ़ावा देने की अपील की थी। साथ ही किसानों से रसायन मुक्त खेती और प्राकृतिक खाद के अधिक उपयोग का भी आग्रह किया था।

‘मन की बात’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जून महीने में दुनिया के 2,500 से अधिक स्थानों पर योग दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए, जो भारत की सांस्कृतिक विरासत के वैश्विक प्रसार का प्रतीक हैं।

इसके अलावा प्रधानमंत्री ने भारतीय नौसेना की उपलब्धियों का भी जिक्र किया। उन्होंने हाल ही में कोलकाता में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने का अनुभव साझा करते हुए कहा कि INS दूनागिरी, INS संशोधक और INS अग्रय को नौसेना के बेड़े में शामिल किया गया है। उन्होंने इन उपलब्धियों को देश की सुरक्षा और आत्मनिर्भर भारत अभियान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *