मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के गुड़ी वन परिक्षेत्र में रविवार को वन विभाग की टीम पर कथित अतिक्रमणकारियों द्वारा जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस हमले में 8 से अधिक वनरक्षक घायल हो गए, जिनमें कुछ को गंभीर चोटें आई हैं। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है।
जानकारी के अनुसार, गुड़ी वन परिक्षेत्र के आम खुजली बीट स्थित कक्ष क्रमांक 748-749 में स्पेशल फ्लाइंग स्क्वॉड नियमित गश्त पर निकली थी। वन विभाग का आरोप है कि पहले से घात लगाए बैठे लोगों ने टीम पर गोफन, पत्थरों और लाठियों से हमला कर दिया। इस हमले में वनरक्षक ज्वाला सिंह, रोमांक नायक, शैलेंद्र यादव, राजेंद्र सिंह सक्तावत, राजेंद्र बागड़ी, प्रदीप बघेल, चंद्रपाल तोमर और राहुल लोधी सहित कई कर्मचारी घायल हुए।
वन विभाग के मुताबिक, वर्ष 2025 में भर्ती किए गए नए वनरक्षकों को प्रशिक्षण के बाद गुड़ी रेंज में तैनात किया गया था। इनकी जिम्मेदारी अवैध अतिक्रमण रोकने और जंगल की सुरक्षा सुनिश्चित करना थी। अधिकारियों का कहना है कि गश्त के दौरान टीम पर सुनियोजित तरीके से हमला किया गया।
बताया जा रहा है कि गुड़ी रेंज में वन भूमि पर अतिक्रमण को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। हाल ही में वन विभाग और जिला प्रशासन ने संयुक्त अभियान चलाकर कई स्थानों से अतिक्रमण हटाया था। इसके बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई थी। स्थानीय कर्मचारियों का दावा है कि इससे पहले भी वन अमले पर हमले हो चुके हैं।
घायल वन कर्मचारियों ने आरोप लगाया है कि घटना की सूचना देने के बावजूद समय पर सहायता नहीं पहुंची और वे करीब दो घंटे तक जंगल में घायल अवस्था में पड़े रहे। उनका यह भी आरोप है कि मौके पर तत्काल पर्याप्त सुरक्षा और राहत उपलब्ध नहीं कराई गई।
फिलहाल पुलिस और वन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों की पहचान की जा रही है और घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, घायल कर्मचारियों का इलाज जारी है और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच की जा रही है।
