कानपुर के सचेंडी थाना क्षेत्र में रविवार रात करीब 10:30 बजे एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। उदयपुर कंजड़ डेरा के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार पिता-पुत्र को रौंदते हुए भाग निकला। हादसे में बाम्बी निवासी सुंदरलाल कुशवाहा (55) और उनके इकलौते बेटे मनोज कुशवाहा (22) की मौत हो गई। पुलिस दोनों को सीएचसी कल्याणपुर ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
परिजनों के मुताबिक सुंदरलाल अपने बेटे मनोज के साथ सचेंडी निवासी दामाद फूल सिंह से मिलने आए थे। कुछ देर रुकने के बाद दोनों बाइक से बाम्बी स्थित अपने घर लौट रहे थे। उदयपुर कंजड़ डेरा के पास पीछे से आए तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मारी और दोनों को रौंदते हुए भाग निकला। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। पिता-पुत्र की एक साथ मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मनोज परिवार का इकलौता बेटा था और राजमिस्त्री का काम करता था। उसकी एक छोटी बहन है। एक ही हादसे में पिता और बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान की जा सके। सचेंडी इंस्पेक्टर दीनानाथ मिश्र ने बताया कि हादसे में पिता-पुत्र की मौत हुई है और वाहन का पता लगाया जा रहा है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश में जुटी है।
