समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने राम मंदिर ट्रस्ट के नए सीईओ की नियुक्ति पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। इस दौरान उन्होंने रामधन चोरी का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाते हुए भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। सहारनपुर में मीडिया से बातचीत करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि नई नियुक्तियों के जरिए पुरानी गड़बड़ियों को भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि दान घोटाले और चढ़ावे की चोरी के मामले में केवल सामान्य और छोटे कर्मचारियों को जेल भेज दिया गया, जबकि बड़े नामों को पूरी तरह बचा लिया गया। उन्होंने कहा कि एक तरह से बड़े लोगों को क्लीन चिट दे दी गई। अखिलेश यादव ने उम्मीद जताई कि भविष्य में राम धन पर किसी तरह की कोई डकैती या दुरुपयोग नहीं होगा। उन्होंने कहा कि साख से भी ऊपर आस्था होती है और भाजपा ने इस आस्था पर बड़ी चोट पहुंचाई है। उन्होंने आगे कहा कि जो भी नई जिम्मेदारी संभालेगा, उसकी जवाबदेही बनती है। लेकिन रामधन चोरी करने वालों को न तो भगवान माफ करेंगे और न ही जनता माफ करेगी।
अखिलेश यादव ने मीडिया से बात करते हुए प्रदेश की भाजपा सरकार पर हमला बोला और कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और भ्रष्टाचार से जनता बुरी तरह परेशान है। उन्होंने दावा किया कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनना पूरी तरह तय है। अखिलेश यादव ने गन्ना किसानों के लिए बड़ा वादा करते हुए कहा कि सपा की सरकार बनते ही 24 घंटे के अंदर गन्ने का भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने किसानों को बेहतर बीज, सस्ता कीटनाशक, प्रशिक्षण और फसल का उचित मूल्य दिलाने की बात भी कही। युवाओं के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने ऐलान किया कि अग्निवीर व्यवस्था को पूरी तरह खत्म कर सेना में पक्की भर्ती बहाल की जाएगी। सहारनपुर में खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए स्टेडियम, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और जरूरत के हिसाब से स्पोर्ट्स सिटी विकसित करने की बात भी उन्होंने कही।
जल जीवन मिशन पर सवाल उठाते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि कई जगहों पर पाइप और टंकियां तो लगी हैं, लेकिन उनमें पानी नहीं आ रहा है। एक्सप्रेसवे की गुणवत्ता पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि सड़कों में गड्ढे एक गंभीर मुद्दा बन चुके हैं और जनता चुनाव में इसका पूरा हिसाब लेगी। सहारनपुर के बैंक करेंसी चेस्ट में नकली नोट मिलने के मामले को लेकर अखिलेश यादव ने नोटबंदी को पूरी तरह विफल योजना बताया। उन्होंने कहा कि नोटबंदी के बाद यह दावा किया गया था कि नकली करेंसी और कालेधन पर रोक लग जाएगी, लेकिन अब बैंकिंग सिस्टम में ही नकली नोट सामने आ रहे हैं। आरक्षण के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने साफ कहा कि आरक्षण था, आरक्षण है और आरक्षण रहेगा। उन्होंने जातीय जनगणना का समर्थन करते हुए आबादी के अनुपात में हक और सम्मान देने की बात कही। अखिलेश यादव ने कहा कि सपा की सरकार बनने पर सहारनपुर की स्थानीय जरूरतों के अनुसार विशेष योजनाएं तैयार की जाएंगी और किसान, व्यापारी, कारीगर, युवा तथा आम लोगों को केंद्र में रखकर विकास का पूरा खाका तैयार किया जाएगा।
