दिल्ली के लोकायुक्त न्यायमूर्ति हरिश चंद्र मिश्रा का निधन हो गया है। यह दुखद जानकारी दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए दी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक्स पर लिखा कि दिल्ली के लोकायुक्त न्यायमूर्ति हरीश चंद्र मिश्रा जी के निधन का समाचार बेहद दुखद है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने और परिजनों तथा शुभचिंतकों को इस गहरे दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की। सीएम ने अपने पोस्ट में ॐ शांति लिखकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
न्यायमूर्ति हरिश चंद्र मिश्रा झारखंड उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश रह चुके थे और वहां कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की जिम्मेदारी भी संभाल चुके थे। मार्च 2022 में उन्हें दिल्ली का लोकायुक्त नियुक्त किया गया था। उनका कार्यकाल पांच साल का था। उनके निधन से न्याय व्यवस्था और भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही लड़ाई से जुड़े संस्थान को बड़ा नुकसान पहुंचा है। कानूनी क्षेत्र से जुड़े लोग और प्रशासनिक अधिकारी उनके निधन को एक अपूरणीय क्षति मान रहे हैं। उनके परिवार और शुभचिंतकों के बीच शोक की लहर है। फिलहाल उनके निधन से जुड़ी आगे की जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
