लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर टोल वसूली पर रोक, सड़क धंसने के बाद NHAI का बड़ा एक्शन

लखनऊ। लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के बार-बार धंसने के मामलों के बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने बड़ा फैसला लिया है। प्राधिकरण ने एक्सप्रेसवे पर टोल वसूली को तत्काल प्रभाव से रोक दिया है। NHAI ने साफ किया है कि जब तक सड़क की सभी खामियां पूरी तरह दूर नहीं हो जातीं, तब तक वाहन चालकों से कोई टोल नहीं लिया जाएगा।

करीब 63 किलोमीटर लंबे और 4,700 करोड़ रुपये की लागत से बने इस एक्सप्रेसवे का उद्घाटन 13 जुलाई को हुआ था। उद्घाटन के महज 23 दिन बाद ही सड़क कई स्थानों पर धंसने लगी, जिसके बाद निर्माण गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठने लगे।

 

NHAI ने एक्सप्रेसवे का निर्माण करने वाली PNC कंपनी को नॉन-परफॉर्मर घोषित कर दिया है। इसका मतलब है कि अब कंपनी को NHAI की ओर से कोई नया प्रोजेक्ट नहीं दिया जाएगा। इसके साथ ही कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर विवेक कुमार गुप्ता, इंजीनियर सुरेंद्र कुमार और रेजिडेंट इंजीनियर यतेंद्र कुमार को परियोजना से हटा दिया गया है। इन तीनों अधिकारियों को अगले दो वर्षों तक NHAI की किसी भी परियोजना में शामिल नहीं किया जाएगा।

इसे भी पढ़ें.  अदाणी एंटरप्राइजेज ने एयरलाइन लॉन्च की खबरों का किया खंडन, कहा- कारोबार में उतरने की कोई योजना नहीं

NHAI के क्षेत्रीय अधिकारी गौतम विशाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि एक्सप्रेसवे की मरम्मत पर करीब 3 करोड़ रुपये खर्च होंगे और यह पूरी लागत निर्माण कंपनी को ही वहन करनी होगी। उन्होंने कहा कि जहां-जहां सड़क धंसने या दरार आने की शिकायत मिली, वहां तत्काल मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है।

प्राधिकरण ने यह भी बताया कि NHAI की ओर से परियोजना से जुड़े प्रोजेक्ट मैनेजर नकुल प्रकाश वर्मा को उनके मूल विभाग में वापस भेज दिया गया है। वहीं, निर्माण के दौरान प्रोजेक्ट मैनेजर रहे सौरभ चौरसिया सहित संबंधित अधिकारियों को भी लापरवाही के आरोप में नोटिस जारी किया गया है।

एक्सप्रेसवे पर कई जगह सड़क धंसने की घटनाएं सामने आई हैं। किमी 31 पर खड़े ट्रक का पहिया सड़क धंसने से नीचे चला गया। किमी 37.7 पर असोहा के कांथा गांव के पास सड़क बैठ गई। किमी 39.7 पर नई डाली गई डामर की परत दब गई और गड्ढा बन गया। किमी 62.3 पर सड़क छठी बार धंसने की घटना दर्ज हुई, जहां चार मीटर हिस्से में दरारें और 15 मीटर तक गड्ढा बन गया। किमी 64 पर पुल के पास सड़क उखाड़कर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है। इसके अलावा किमी 65 से 65.2 और किमी 67 पर भी सड़क धंसने की शिकायत मिली है। वहीं किमी 72 पर डिवाइडर की दीवार का प्लास्टर टूटकर गिर गया।

इसे भी पढ़ें.  उन्नाव पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चोरी के 9 स्मार्टफोन बरामद; 6 आरोपी गिरफ्तार

NHAI का कहना है कि मरम्मत और गुणवत्ता परीक्षण पूरा होने के बाद ही एक्सप्रेसवे पर दोबारा टोल वसूली शुरू की जाएगी। फिलहाल यात्रियों को बिना टोल दिए इस एक्सप्रेसवे से गुजरने की सुविधा मिलेगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *