उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के चिनहट इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां स्थित एक गेस्ट हाउस के कमरे में प्रेमी-प्रेमिका ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों अलग-अलग समुदाय से थे और करीब 20 दिनों से उसी गेस्ट हाउस के एक कमरे में ठहरे हुए थे। बुधवार को जब कमरा काफी देर तक नहीं खुला, तो गेस्ट हाउस संचालक ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर गई, जहां दोनों के शव लटके हुए मिले। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
मृतकों की पहचान हरदोई निवासी अमित कुमार (22) और नरगिस (19) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों 23 अगस्त से चिनहट स्थित रेड बिल्डिंग गेस्ट हाउस के कमरा नंबर 101 में रह रहे थे। जांच में यह भी पता चला है कि युवती के लापता होने के मामले में हरदोई के हरपालपुर थाने में अपहरण का मुकदमा दर्ज था। उसके बाद से दोनों की कोई जानकारी उनके परिजनों को नहीं मिली थी। पुलिस अब इस मुकदमे और गेस्ट हाउस में दोनों के करीब 20 दिन तक ठहरने के पूरे घटनाक्रम को भी जांच से जोड़कर देख रही है। पुलिस का कहना है कि अलग-अलग समुदाय से होने और दोनों के बीच संबंधों के साथ-साथ युवती से जुड़े पुराने मुकदमे समेत सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है।
पुलिस को कमरे से आर्य समाज मंदिर का एक विवाह प्रमाणपत्र भी बरामद हुआ है, जिसमें दोनों की शादी का जिक्र है। इस प्रमाणपत्र में युवती का नाम नरगिस उर्फ पूजा दर्ज है। इसके अलावा पुलिस को कमरे से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसे जांच के लिए कब्जे में ले लिया गया है। फिलहाल आत्महत्या की असली वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सुसाइड नोट की जांच के बाद ही मामले में आगे की स्थिति साफ हो सकेगी। तब तक पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है।
