लखनऊ। मेट्रो स्टेशन दुर्गापुरी पर विशेष सुरक्षा बल के जवानों की सजगता और मानवीय संवेदनशीलता के चलते आगरा से लापता हुआ 12 वर्षीय बालक सुरक्षित बरामद कर लिया गया। बालक को उसके परिजनों से मिलाने के साथ ही आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
मंगलवार को दुर्गापुरी मेट्रो स्टेशन पर प्रथम पाली के दौरान करीब 12:45 बजे एक अज्ञात बालक स्टेशन परिसर में पहुंचा। बालक काफी घबराया हुआ था और ड्यूटी पर तैनात विशेष सुरक्षा बल के जवानों से रोते हुए भोजन मांग रहा था। उसकी स्थिति को देखते हुए मुख्य आरक्षी शिवबहादुर पटेल ने बालक से पूछताछ की। बालक ने बताया कि उसे चार लोग आगरा से पकड़कर लाए हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा बल के जवानों ने तत्काल उसकी सुरक्षा सुनिश्चित की और जानकारी जुटाने का प्रयास शुरू किया।
जांच के दौरान पता चला कि करीब 15 मिनट पहले आगरा फोर्ट इंटरसिटी ट्रेन स्टेशन पर पहुंची थी। बालक को भरोसा दिलाया गया कि वह सुरक्षित है और उसे भोजन कराया गया। इसके बाद पूछताछ में बालक अपने बारे में अधिक जानकारी नहीं दे सका। उसने केवल इतना बताया कि उसके पिता आगरा में एमबी कोचिंग संचालित करते हैं।
सुरक्षा बल के जवानों ने इंटरनेट के माध्यम से एमबी कोचिंग की जानकारी जुटाकर संचालक का मोबाइल नंबर प्राप्त किया। फोन पर संपर्क करने पर व्यक्ति ने अपना नाम अजय पाल सिंह निवासी भुल्लन सिंह वार्ड नंबर-14, साईं धाम कॉलोनी, रुनकता मोड़, थाना किरावली, आगरा बताया। उन्होंने बताया कि उनका पुत्र आर्यन डागुर लापता है और उसकी गुमशुदगी के संबंध में वह थाना किरावली में मौजूद हैं।
इसके बाद वीडियो कॉल के माध्यम से बालक की उसके माता-पिता से बात कराई गई, जिससे उसकी पहचान आर्यन डागुर के रूप में हुई। घटना की सूचना मेट्रो कंट्रोल रूम और स्टेशन कंट्रोलर को दी गई। स्टेशन कंट्रोलर के माध्यम से डायल-112 को सूचना दी गई।
सूचना पर पीआरवी 7099 से मुख्य आरक्षी वीरेंद्र कुमार तथा थाना नाका हिंडोला की चौकी प्रभारी नत्था के उपनिरीक्षक रवीश भाटी मौके पर पहुंचे। आवश्यक जानकारी देने के बाद स्टेशन कंट्रोलर की मौजूदगी में बालक आर्यन डागुर को अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए उपनिरीक्षक रवीश भाटी को सुपुर्द कर दिया गया।
इस दौरान मुख्य आरक्षी विजयबहादुर पटेल, आरक्षी अम्बुज तिवारी, अनुज कुमार, मयंक त्रिवेदी और विशाल राठौर भी ड्यूटी पर मौजूद रहे। विशेष सुरक्षा बल की तत्परता से बालक को समय रहते सुरक्षित बरामद कर उसके परिवार तक पहुंचाने में सफलता मिली।

विशेष सुरक्षा बल के जवान बालक के साथ
