वायनाड लैंडस्लाइड का दिल दहला देने वाला वीडियो, तेज बारिश के बीच मलबे में दबे कई लोग

वायनाड। केरल के वायनाड जिले में मंगलवार (7 जुलाई) दोपहर तेज बारिश के बीच हुए भीषण भूस्खलन ने तबाही मचा दी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल बताए जा रहे हैं। आशंका है कि मलबे के नीचे अभी भी कई लोग फंसे हो सकते हैं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें देखते ही देखते पहाड़ी से भारी मात्रा में मिट्टी और मलबा नीचे गिरता दिखाई दे रहा है।

जानकारी के अनुसार यह हादसा कल्लाडी स्थित मीनाक्षी ब्रिज के पास हुआ, जहां मलप्पुरम-वायनाड टनल परियोजना का निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण के दौरान सुरंग से निकाली गई मिट्टी को आसपास के क्षेत्र में जमा किया गया था। लगातार हो रही बारिश के कारण मिट्टी खिसक गई और देखते ही देखते बड़ा हिस्सा ढह गया।

भूस्खलन के चलते कई पेड़ उखड़ गए और सुरक्षा के लिए लगाए गए बैरिकेड भी मलबे के साथ बह गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय प्रशासन ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।

इसे भी पढ़ें.  "Cop of the Month" इंस्पेक्टर दिलेश कुमार सिंह को डीसीपी दक्षिणी ने किया सम्मानित

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और अन्य राहत एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंच गईं। मलबे में फंसे लोगों की तलाश के लिए युद्धस्तर पर रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में जाने से बचें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। मौसम विभाग ने भी केरल के कई जिलों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।

फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य जारी है और प्रशासन मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने का प्रयास कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि मौसम की स्थिति को देखते हुए अभियान सावधानीपूर्वक चलाया जा रहा है

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *