अयोध्या। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले के बीच श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक में महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा का इस्तीफा स्वीकार किए जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, ट्रस्ट की ओर से इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, ट्रस्ट की बैठक में चंपत राय और अनिल मिश्रा शामिल नहीं हुए। बैठक के दौरान ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद गिरी महाराज ने दोनों के इस्तीफे का प्रस्ताव रखा, जिसे मौजूद सदस्यों ने सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी।
जानकारी के अनुसार, बैठक में ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास, स्वामी गोविंद गिरी महाराज, स्वामी विश्वप्रसन्न तीर्थ, कृष्ण मोहन समेत ट्रस्ट के अन्य सदस्य मौजूद रहे। बैठक में राम मंदिर से जुड़े विभिन्न प्रशासनिक और संगठनात्मक विषयों पर भी चर्चा की गई।
इस बीच, चंपत राय के करीबी लोगों का कहना है कि भगवान श्रीराम की सेवा किसी पद की मोहताज नहीं होती। उनका कहना है कि चंपत राय बिना किसी पद के भी राम मंदिर और सनातन धर्म की सेवा पहले की तरह करते रहेंगे।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में राम मंदिर चढ़ावे से जुड़े कथित गबन और अनियमितताओं को लेकर विवाद लगातार चर्चा में है। इस मामले में जांच जारी है और इसे लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है।
फिलहाल, चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। ट्रस्ट की ओर से औपचारिक घोषणा होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
