लखनऊ में सर्राफा लूटकांड का खुलासा, 1.50 करोड़ के जेवर बरामद; दो बदमाश गिरफ्तार

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के गोसाईगंज थाना क्षेत्र में सर्राफा कारोबारी से हुई करोड़ों रुपये की लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। दक्षिणी जोन की सर्विलांस सेल और गोसाईगंज पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1.50 करोड़ रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, एक अवैध पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की अपाचे बाइक बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक, यह वारदात 23 जून 2026 की रात करीब 8:30 बजे हुई थी। अमेठी निवासी सर्राफा कारोबारी सचिन कुमार वर्मा अपनी और अपने भाई की ज्वेलरी दुकान का सोने-चांदी का सामान बैग में रखकर स्कूटी से घर लौट रहे थे। बंगला भवानी मंदिर के पास तीन बदमाशों ने उनकी स्कूटी रोककर लूट का प्रयास किया। विरोध करने पर बदमाशों ने कारोबारी के पैर में गोली मार दी और जेवरों से भरा बैग लेकर फरार हो गए।

इसे भी पढ़ें.  "गौहत्या बंद हो, तभी बचेगा भारत" - शंकराचार्य स्वामी श्री अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती

घटना के बाद गोसाईगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया और पुलिस उपायुक्त दक्षिणी के निर्देश पर मामले के खुलासे के लिए चार विशेष टीमें गठित की गईं। जांच के दौरान पुलिस ने करीब 600 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सर्विलांस के जरिए इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जुटाए। इसके आधार पर पुलिस ने दहेरामऊ अंडरपास के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

🔔 हर बड़ी खबर सबसे पहले WhatsApp पर
हमारे WhatsApp Group से जुड़ें
JOIN

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवम यादव उर्फ कुंदन (24) और अंकुल यादव उर्फ गोले (20) के रूप में हुई है। दोनों जौनपुर जिले के सिकरारा थाना क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, शिवम स्नातक और एडीसीए कंप्यूटर कोर्स कर चुका है, जबकि अंकुल ने हाईस्कूल के बाद मैकेनिकल पॉलिटेक्निक की पढ़ाई की है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पहले सर्राफा कारोबारियों की रेकी करते थे। उनके आने-जाने के समय और रास्तों की जानकारी जुटाने के बाद चोरी की बाइक से वारदात को अंजाम देते थे। यदि विरोध होता था तो गोली मारकर लूटपाट कर फरार हो जाते थे।

इसे भी पढ़ें.  नाली के पानी के विवाद में युवक की हत्या, लखनऊ पुलिस ने 7 आरोपियों को किया गिरफ्तार

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपी रायबरेली और चंदौली में भी सर्राफा कारोबारियों को गोली मारकर लूट की घटनाओं में शामिल रहे हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई अपाचे मोटरसाइकिल हजरतगंज थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से 13 हार, 412 लॉकेट, 295 जोड़ी बाली, 204 नथ, 228 झुमके, 30 जोड़ी पायल, 163 बिछिया सहित बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। इसके अलावा एक .32 बोर की पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस और चोरी की बाइक भी जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में गिरोह का एक अन्य आरोपी सोनू यादव अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

इस सफल कार्रवाई पर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी ने गिरफ्तारी करने वाली सर्विलांस सेल और गोसाईगंज पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *