महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर जिले में मुंबई-नागपुर समृद्धि एक्सप्रेसवे के किनारे शनिवार शाम को उस समय हड़कंप मच गया, जब गंगापुर तालुका के तकलीवाड़ी गांव के पास गेल (GAIL) की पाइपलाइन से अचानक गैस रिसने लगी। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने एक्सप्रेसवे के हदास पिंपलगांव और मालीवाड़ा के बीच करीब 24 किलोमीटर लंबे हिस्से में यातायात को पूरी तरह रोक दिया। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस तुरंत हरकत में आ गईं। गेल के विशेषज्ञों ने मौके पर पहुंचकर फौरन पाइपलाइन के वाल्व बंद कर दिए, जिससे गैस का रिसाव काबू में आ गया। अधिकारियों के मुताबिक, अब पाइपलाइन के अंदर का दबाव धीरे-धीरे कम हो रहा है। एहतियात के तौर पर घटनास्थल पर दमकल की गाड़ियां और जरूरी उपकरण तैनात कर दिए गए हैं। जिला कलेक्टर विनय गौड़ा जीसी ने एक आधिकारिक सूचना जारी कर बताया कि चेनेज 447 से 470 के बीच यानी हदास पिंपलगांव और मालीवाड़ा के बीच के ट्रैफिक को धुले-सोलापुर राजमार्ग की तरफ मोड़ दिया गया है। मुंबई की ओर जाने वाले वाहनों को हदास पिंपलगांव इंटरचेंज से बाहर निकलकर धुले-सोलापुर हाईवे का इस्तेमाल करना होगा और आगे मालीवाड़ा इंटरचेंज से वे दोबारा समृद्धि एक्सप्रेसवे पर वापस लौट सकते हैं। प्रशासन का कहना है कि वरिष्ठ अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और जल्द से जल्द यातायात को सामान्य करने की पूरी कोशिश की जा रही है।
समृद्धि एक्सप्रेसवे पर GAIL पाइपलाइन से गैस रिसाव, 24 किलोमीटर तक यातायात बंद—प्रशासन ने जारी किया नया रूट
🔔 हर बड़ी खबर सबसे पहले WhatsApp पर
हमारे WhatsApp Group से जुड़ें
