दिल्ली के उत्तर-पूर्व जिले में पुलिस और अपराधियों के बीच एक बड़ी मुठभेड़ हुई है। उस्मानपुर इलाके में पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम और रशीद कबलेवाला गैंग के दो शार्पशूटरों के बीच आमना-सामना हो गया। दोनों तरफ से करीब 26 राउंड फायरिंग हुई, जिसमें दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी। घायल आरोपियों की पहचान मोहम्मद कैफ और मोहम्मद जसीम के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक ये दोनों रशीद कबलेवाला गैंग के कथित शार्पशूटर हैं और कई गंभीर वारदातों में शामिल रहे हैं। पुलिस को खास सूचना मिली थी कि ये दोनों आरोपी जंगली रास्ते से होकर उस्मानपुर स्थित अपने घर पहुंचने वाले हैं। इसी सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उन्हें पकड़ने के लिए जाल बिछाया।
जैसे ही दोनों आरोपी मौके पर पहुंचे, उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी फायरिंग की। इस दौरान कैफ और जसीम दोनों के पैरों में गोली लगी। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। गोलीबारी के दौरान दो पुलिसकर्मियों की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोलियां लगीं। अगर उन्होंने बुलेटप्रूफ जैकेट नहीं पहनी होती, तो बड़ा नुकसान हो सकता था। दोनों अधिकारी पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें कोई चोट नहीं आई।
इसके अलावा दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक अलग ऑपरेशन में पालम विलेज से 19 साल के एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से दो देसी पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस और एक एयर गन बरामद हुई है। आरोपी की पहचान अंशु के रूप में हुई है। क्राइम ब्रांच की डब्ल्यूआर-टू टीम ने खास सूचना के आधार पर उसे दबोचा। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने यह अवैध हथियार अपना रुतबा दिखाने और दूसरों को डराने के लिए हासिल किए थे। इस मामले में आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। फिलहाल पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई में जुटी है।
