आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह के निर्देश पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने बलिया की बहादुर बिटिया रागिनी की मदद के लिए हाथ बढ़ाया है। बुधवार को पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता सर्वेश मिश्रा, बलिया जिलाध्यक्ष प्रदीप यादव और महासचिव अंजनी तिवारी रागिनी के घर पहुंचे। उन्होंने बच्ची को व्हीलचेयर, बैसाखी, कॉपी-कलम और 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। सांसद संजय सिंह ने खुद फोन पर बिटिया और उसके परिजनों से बात कर उनका हौसला बढ़ाया और भविष्य में हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। रागिनी से मिलने पहुंचे आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता सर्वेश मिश्रा ने कहा कि उन्होंने जिस तरह इस बच्ची के सिर पर अपना हाथ रखा है, उससे उन्हें पूरा विश्वास है कि जीवन में अब इसे किसी चीज की कमी नहीं होगी।
सांसद संजय सिंह ने बताया कि बलिया के मनियर ब्लॉक के दिघेड़ा ग्राम सभा के रानीपुर गांव में रहने वाली सात साल की रागिनी की कहानी बेहद मार्मिक और प्रेरणादायक है। महज छह महीने की उम्र में एक दर्दनाक हादसे ने रागिनी का एक पैर छीन लिया था, लेकिन यह हादसा उसके हौसले को नहीं तोड़ सका। नन्ही सी जान अपने घर से करीब 400 मीटर दूर स्थित स्कूल तक एक पैर के सहारे कूदते हुए जाती थी। संजय सिंह ने कहा कि जब उन्हें इस साहसी बिटिया के बारे में पता चला, तो उन्होंने तय किया कि रागिनी की पढ़ाई और उसकी राह में शारीरिक अक्षमता को बाधा नहीं बनने देंगे। उन्होंने बताया कि प्रवक्ता सर्वेश मिश्रा और जिलाध्यक्ष प्रदीप यादव के प्रयासों से पीड़ित परिवार से संपर्क किया गया। तात्कालिक राहत के तौर पर बिटिया को व्हीलचेयर, बैसाखी और कॉपी-कलम दी गई है, ताकि उसे स्कूल जाने में आसानी हो। इसके साथ ही 25 हजार रुपये की नकद राशि भी सौंपी गई है।
संजय सिंह ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी जल्द ही रागिनी को कृत्रिम पैर यानी आर्टिफिशियल लेग भी लगवाएगी। इसके लिए पार्टी कार्यकर्ता रागिनी को कानपुर स्थित एलिम्को यानी भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम लेकर जाएंगे। इसका मकसद यह है कि रागिनी बिना किसी सहारे के अपने पैरों पर खड़ी होकर अपने उज्ज्वल भविष्य की ओर आगे बढ़ सके। संजय सिंह ने कहा कि रागिनी जैसी बिटिया की मुस्कान उनके लिए किसी भी चुनावी जीत से बड़ी है। उन्होंने वीडियो कॉल के जरिए भी रागिनी से बात की, उसका हालचाल जाना और उसे खूब पढ़ने और आगे बढ़ने का आशीर्वाद दिया। बिटिया के परिजनों ने इस मानवीय पहल के लिए सांसद संजय सिंह और आम आदमी पार्टी का दिल से आभार व्यक्त किया है।
