लखनऊ के जानकीपुरम विस्तार स्थित अभिषेक पुरम में रविवार को लर्निंग विंग्लेस प्ले स्कूल का भव्य उद्घाटन क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीरज बोरा ने दीप प्रज्वलित कर एवं फीता काटकर किया। कार्यक्रम में शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. नीरज बोरा ने कहा कि बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा उनके व्यक्तित्व निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण आधारशिला होती है। उन्होंने कहा कि ऐसे विद्यालय, जहां बच्चों को खेल-खेल में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अच्छे संस्कार और रचनात्मक वातावरण मिलता है, वे समाज के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि समाज की प्रगति का आधार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा है और बच्चों को बेहतर शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों से जोड़ना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने विद्यालय परिवार को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि यह संस्थान बच्चों के सर्वांगीण विकास का एक सशक्त केंद्र बनेगा।
विद्यालय की डायरेक्टर ऋतु अधिकारी ने बताया कि लर्निंग विंग्लेस प्ले स्कूल का उद्देश्य बच्चों को सुरक्षित, आनंदमय और आधुनिक शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में बच्चों की बौद्धिक, भावनात्मक, सामाजिक और रचनात्मक क्षमताओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिससे वे आत्मविश्वास के साथ अपने भविष्य की ओर बढ़ सकें।
कार्यक्रम में मौजूद बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. टी.आर. यादव ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा केवल पाठ्य पुस्तकों तक सीमित नहीं रह गई है। प्रारंभिक अवस्था में बच्चों की जिज्ञासा, कल्पनाशक्ति और नैतिक मूल्यों का विकास उनके समग्र व्यक्तित्व निर्माण के लिए अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि सतीश वर्मा, डॉ. इंदु सुभाष, डॉ. संदीप सिंह, डॉ. अंकिता सिंह, दीप्ति रावत, अंकिता अवस्थी, शास्त्री प्रमोद यादव तथा अविनाश सिंह सहित अनेक गणमान्य अतिथि एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
जानकीपुरम में लर्निंग विंग्लेस प्ले स्कूल का उद्घाटन, विधायक डॉ. नीरज बोरा ने किया शुभारंभ
