लखनऊ। उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल, चार मैगजीन, 50 जिंदा कारतूस, सात खोखा कारतूस, एक होंडा सिटी कार, पांच मोबाइल फोन और ₹2,420 नकद बरामद किए गए हैं।
एसटीएफ के अनुसार, लंबे समय से अवैध हथियारों और कारतूसों की तस्करी करने वाले गिरोह के संबंध में सूचना मिल रही थी। इसी सूचना के आधार पर अपर पुलिस अधीक्षक अमित कुमार नागर के निर्देशन में टीम गठित की गई। 1 जुलाई की रात करीब 11:50 बजे लखनऊ के गाजीपुर थाना क्षेत्र स्थित कल्याण अपार्टमेंट तिराहे के पास घेराबंदी कर होंडा सिटी कार में सवार चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदेश प्रताप सिंह उर्फ राज, विवेक प्रजापति, नितिन कुंडी और प्रिंस गुप्ता उर्फ सल्लू भाई के रूप में हुई है। सभी आरोपी लखनऊ के विभिन्न थाना क्षेत्रों के निवासी हैं।
पूछताछ में मुख्य आरोपी नितिन कुंडी ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करता था। इससे पहले वह सिंथेटिक ड्रग्स और ऑर्गेनिक गांजा की तस्करी में भी शामिल रहा है। उसने खुलासा किया कि गिरोह गोरखपुर के एक सप्लायर से करीब ₹25 हजार में पिस्टल खरीदकर ₹50 से 60 हजार में बेचता था, जबकि .32 बोर के कारतूस ₹300–350 में खरीदकर ₹400–500 तक में बेचे जाते थे। आरोपियों ने रंगदारी, वसूली और भूमि कब्जे जैसे अपराधों में भी इन हथियारों का इस्तेमाल करने की बात स्वीकार की है।
प्रेस नोट के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में नितिन कुंडी, विवेक प्रजापति और संदेश प्रताप सिंह के खिलाफ पहले से हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, मारपीट, रंगदारी, एससी/एसटी एक्ट समेत कई संगीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस को आशंका है कि गिरोह का नेटवर्क उत्तर प्रदेश के कई जिलों तक फैला हुआ है।
इस मामले में थाना गाजीपुर, लखनऊ में आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एसटीएफ और स्थानीय पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों, हथियारों के सप्लायर तथा पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।
लखनऊ STF की बड़ी कार्रवाई: अवैध हथियारों के साथ 4 तस्कर गिरफ्तार, 2 पिस्टल और 50 कारतूस बरामद
🔔 हर बड़ी खबर सबसे पहले WhatsApp पर
हमारे WhatsApp Group से जुड़ें
