राजधानी के 122 होटल-गेस्ट हाउस में मिली अनियमितता
लखनऊ विभूतिखंड स्थित ‘ सेवी ग्रैंड होटल ‘ के जिस बेसमेंट को सिर्फ गाड़ियों की पार्किंग के लिए इस्तेमाल किया जाना था, वहां धड़ल्ले से बैंक्वेट हॉल संचालित हो रहा है। चौंकाने वाली बात यह है कि इसी होटल के बेसमेंट में चार साल पहले 13 अप्रैल 2022 में आग लग चुकी है। तब दमकलकर्मियों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद 15 लोगों को रेस्क्यू किया था। अब अलीगंज अग्निकांड के बाद LDA द्वारा करवाए गए होटलों के सर्वे में बेसमेंट में बैंक्वेट हॉल का संचालन पाया है। यह दावा मंडलायुक्त की ओर से मंगलवार को जारी प्रेसनोट में किया गया है। ऐसे में सवाल उठता है कि होटल के बेसमेंट में आग लगने के बाद LDA के अफसरों ने आखिर क्या कार्रवाई की? आग लगने के चार साल बाद भी होटल के बेसमेंट में बैंक्वेट हॉल कैसे संचालित होता रहा? इसे लेकर LDA जोन-1 के प्रवर्तन अफसर कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है।
13 अप्रैल 2022 को सेवे ग्रैड होटल के बेसमेंट में आग लगी थी। बेसमेंट में अवैध रूप से कमर्शियल गतिविधियां चलने के कारण उस वक्त बढ़ा हादसा होते-होते बचा था। घटना के ठीक बाद LDA के अधिकारियों ने होटल प्रबंधन के खिलाफ सीलिंग और सख्त कानूनी कार्रवाई करने का दावा किया था। हाल में जब LDA की टीम ने गोमतीनगर क्षेत्र की इमारतों का सर्वे किया, तो सेवी ग्रैड होटल की हकीकत सामने आई। जिस जगह गाड़ियों की पार्किंग होनी चाहिए थी, वहां आज भी भव्य बैंक्वेट हॉल है और शादी व अन्य समारोह का आयोजन किया ज रहा है। इस खुलासे ने साफ कर दिया है कि हादसे के बाद LDA द्वारा की गई कार्रवाई महज कागजी और दिखावा थी।
122 होटल-गेस्ट हाउस में मिली अनियमितता
मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत के निर्देश पर हुए सर्वे में शहर के 122 होटल, गेस्ट हाउस और बैंक्वेट हॉल में स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण और उपयोग मिला है। कहीं पार्किंग में बैंक्वेट हॉल तो कहीं क्लब संचालित पाया गया। हालांकि एलडीए ने अब तक केवल छह प्रतिष्ठानों के नाम सार्वजनिक किए हैं। बाकी संस्थानों की जानकारी देने से अधिकारी बच रहे हैं। एलडीए का कहना है कि सभी संबंधित प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं और जल्द नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

सेवी ग्रैंड होटल के बेसमेंट में हो रहा है बैंक्वेट हॉल संचालित
