SP Prachi Singh की तत्परता से अप्रह्रता युवती बरामद, मानव तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, 7 आरोपी गिरफ्तार

अंबेडकरनगर। उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर में पुलिस ने अंतरराज्यीय मानव तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अपहृत युवती को सकुशल बरामद किया है। आरोप है कि गिरोह आर्थिक रूप से कमजोर और असहाय परिवारों की युवतियों को शादी का झांसा देकर राजस्थान और हरियाणा ले जाकर उनका शोषण करता था।

पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के निर्देशन में अपराध नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा मानव तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अभियान का नेतृत्व अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) हरेंद्र कुमार और क्षेत्राधिकारी नगर नितीश कुमार तिवारी के पर्यवेक्षण में कोतवाली अकबरपुर पुलिस, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHT), स्वाट और सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से किया।

पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग एक युवती को शादी का झांसा देकर राजस्थान ले जाने की तैयारी में हैं और बसखारी मार्ग स्थित खिद्दिरपुर के पास वाहन का इंतजार कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया और युवती को सुरक्षित मुक्त करा लिया।

इसे भी पढ़ें.  चितकारा यूनिवर्सिटी में AIC-चितकारा इनक्यूबेशन फाउंडेशन लॉन्च, डीप-टेक स्टार्टअप्स को मिलेगा बढ़ावा

गिरफ्तार आरोपियों में राजस्थान के पाली और सिरोही जिलों के चार लोग, अंबेडकरनगर की एक महिला तथा आजमगढ़ का एक युवक शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 40 हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि उनका गिरोह गरीब, अनाथ और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की युवतियों को निशाना बनाता था। पहले उन्हें संपन्न परिवार में शादी कराने का झांसा दिया जाता था, फिर फर्जी पहचान पत्र तैयार कर नकली विवाह समारोह आयोजित किया जाता था। गिरोह के सदस्य ही दूल्हा, बाराती और रिश्तेदार बनकर शादी का नाटक करते थे, ताकि किसी को संदेह न हो।

पुलिस का आरोप है कि विवाह के बाद युवती को विदाई के बहाने राजस्थान और हरियाणा ले जाया जाता था। यात्रा के दौरान गिरोह की एक महिला सदस्य उसके साथ रहती थी, जिससे जांच के दौरान यह सामान्य विवाह यात्रा प्रतीत हो। आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद युवतियों को उनकी इच्छा के विरुद्ध देह व्यापार में धकेल दिया जाता था और उनकी वास्तविक पहचान छिपाने के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार किए जाते थे।

इसे भी पढ़ें.  लखनऊ में आग के तांडव के बाद भी नहीं जागा सिस्टम

जांच में यह भी सामने आया कि एक युवती के बदले कथित तौर पर दो लाख रुपये लिए गए थे, जिसमें एक लाख रुपये नकद और एक लाख रुपये बैंक खाते के माध्यम से प्राप्त हुए थे। बरामद 40 हजार रुपये इसी लेनदेन का हिस्सा बताए जा रहे हैं।

इस मामले में कोतवाली अकबरपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं तथा अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

अंबेडकरनगर पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े फरार सदस्यों, आर्थिक नेटवर्क और अन्य राज्यों में सक्रिय सहयोगियों की तलाश जारी है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और मानव तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम –
1-प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह थाना को0 अकबरपुर जनपद अम्बेडकरनगर
2-निरीक्षक संजय कुमार पाण्डेय प्रभारी सर्विलांस सोल जनपद अम्बेडकरनगर मय टीम
3-उ0नि0 अजीत कुमार पाण्डेय प्रभारी स्वाट टीम जनपद अम्बेडकरनगर मय टीम
4-उ0नि0 जैद अहमद प्रभारी AHT थाना जदनपद अम्बेडकरनगर मय हमराही टीम
5-उ0नि0 शैलेन्द्र चौधरी थाना को0 अकबरपुर
6-म0उ0नि0 प्रियांशू भट्ट थाना को0 अकबरपुर

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *