लखनऊ उत्तर विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीरज बोरा ने मंगलवार को जानकीपुरम क्षेत्र में ₹1.45 करोड़ से अधिक की दो विकास परियोजनाओं का भूमिपूजन किया। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की अवस्थापन निधि से होने वाले इन कार्यों का उद्देश्य सड़क, नाली और जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाना है।
पहली परियोजना के तहत गुडम्बा थाना के पीछे स्थित सेक्टर-एच क्षेत्र में लगभग ₹90.40 लाख की लागत से सीसी सड़क, नाली और पुलिया का जीर्णोद्धार किया जाएगा। इस कार्य के पूरा होने से क्षेत्र में जल निकासी की समस्या कम होगी और स्थानीय लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी।
वहीं दूसरी परियोजना जानकीपुरम प्रथम स्थित रघुकुल कॉलोनी में शुरू की गई है। यहां करीब ₹55.05 लाख की लागत से नई सीसी सड़क और नालियों का निर्माण कराया जाएगा। स्थानीय निवासियों का मानना है कि इससे बरसात के दौरान होने वाले जलभराव और कीचड़ की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी।
भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. नीरज बोरा ने कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मजबूत सड़कें, बेहतर जल निकासी व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं का विस्तार नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि ये दोनों परियोजनाएं क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होंगी।
डॉ. बोरा ने कहा कि लखनऊ उत्तर विधानसभा के प्रत्येक वार्ड और मोहल्ले तक विकास कार्य पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष संजय तिवारी, विधायक प्रतिनिधि सतीश वर्मा, पूर्व पार्षद कैलाश यादव, पार्षद प्रतिनिधि राजकुमार मौर्य, सौरभ तिवारी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
