लखनऊ में सोमवार को आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का तय समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, शिकायतों के समाधान के बाद पीड़ित पक्ष से संपर्क कर उनकी संतुष्टि की भी जानकारी लेने को कहा।
मुख्यमंत्री ने जनता दर्शन में पहुंचे लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष और समयबद्ध समाधान सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने फरियादियों से बेफिक्र होकर घर जाने और प्रशासन पर भरोसा रखने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान बरेली से आई एक महिला ने कैंसर के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। मुख्यमंत्री ने महिला से अस्पताल का उपचार संबंधी एस्टिमेट उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिया कि मरीज को आवश्यक चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराई जाए और इलाज में किसी प्रकार की बाधा न आने दी जाए। उन्होंने कहा कि इलाज की चिंता सरकार करेगी और पीड़िता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।
जनता दर्शन में राजस्व विभाग से जुड़े कई मामले भी सामने आए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसके खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्व न्यायालयों में अधिकारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित होनी चाहिए ताकि वादकारियों को समय पर न्याय मिल सके। उन्होंने कहा कि अनावश्यक देरी का सबसे अधिक असर गरीब और जरूरतमंद लोगों पर पड़ता है। इसलिए राजस्व अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ मामलों का शीघ्र निस्तारण कर पात्र लोगों को न्याय दिलाएं।
उन्होंने दोहराया कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक की समस्या का प्रभावी समाधान करना और जरूरतमंदों को समय पर राहत उपलब्ध कराना है।
