अंकित बालियान हत्याकांड के दो शूटर मुठभेड़ में ढेर, डीजीपी बोले- गोगी गैंग के खिलाफ बनाया गाना बनी वजह

उत्तर प्रदेश के शामली जिले में चर्चित अंकित बालियान हत्याकांड में शामिल दो शूटरों को पुलिस ने सोमवार सुबह मुठभेड़ में मार गिराया। मारे गए बदमाशों की पहचान मोहित और सुमित के रूप में हुई है। इस पूरे मामले को लेकर प्रदेश के डीजीपी राजीव कृष्ण ने बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि अंकित बालियान की हत्या की असली वजह गोगी गैंग के खिलाफ बनाया गया एक गाना था। आरोपियों ने कई दिनों तक अंकित की रेकी की थी और उसके बाद पूरी प्लानिंग के साथ इस वारदात को अंजाम दिया था। डीजीपी ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत ही पुलिस ने आज यह कार्रवाई की है। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ के दौरान आरोपियों ने पहले पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। इसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों को गोली लगी। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने इनके कब्जे से पिस्टल और भारी मात्रा में कारतूस के खोखे भी बरामद किए हैं।

इसे भी पढ़ें.  सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से हटाने के लिए दिल्ली पुलिस का 30 सेकेंड का ऑपरेशन, सामने आई पूरी रणनीति

डीजीपी राजीव कृष्ण ने आगे बताया कि जांच में गोगी गैंग की भूमिका साफ तौर पर सामने आई है। हत्यारों ने पहले अंकित की पूरी रेकी की और उसके बाद उन्हें बाहर से हथियार मुहैया कराए गए। सभी आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदल रहे थे, लेकिन पुलिस टीम उन पर लगातार नजर बनाए हुए थी। ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर ही उनकी पहचान की गई। जांच में यह भी पता चला है कि अंकित बालियान की हत्या उनके गाने की वजह से ही की गई। बता दें कि 2021 में रोहिणी कोर्ट में जितेंद्र मान की हत्या का मामला भी इसी गैंग से जुड़ा बताया जा रहा है। एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश के अनुसार, इस हत्याकांड में कुल छह लोग शामिल थे, जिनमें से दो आज मुठभेड़ में मारे गए हैं। बाकी बचे चार आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

डीजीपी ने यह भी साफ किया कि शूटरों को बाहर से हथियार उपलब्ध कराए गए थे। जिन लोगों ने यह सब किया और जो भी इस हत्याकांड की चेन में शामिल हैं, उन सभी की भूमिका तय की जाएगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यूपी की सीमा से बाहर बैठकर कोई यह न सोचे कि कानून के हाथ उन तक नहीं पहुंचेंगे। डीजीपी ने बताया कि केंद्र सरकार की एजेंसियों से भी संपर्क किया जा रहा है। बाकी बचे आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

इसे भी पढ़ें.  लखनऊ में फीस बढ़ोतरी के खिलाफ समाजवादी छात्र सभा का प्रदर्शन, 1090 चौराहे से कई छात्र हिरासत में
🔔 हर बड़ी खबर सबसे पहले WhatsApp पर
हमारे WhatsApp Group से जुड़ें
JOIN
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *