डेढ़ करोड़ की लूट का खुलासा करने पर लखनऊ पुलिस का व्यापारियों ने किया सम्मान

लखनऊ। गोसाईंगंज क्षेत्र में सर्राफा व्यापारी से हुई करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लूट का सफल खुलासा करने पर लखनऊ कमिश्नरेट पुलिस को व्यापारियों ने सम्मानित किया। गोसाईंगंज और गंगागंज व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ अमेठी कस्बे के सर्राफा व्यापारियों ने पुलिस अधिकारियों और जांच टीम की सराहना करते हुए उन्हें सम्मान प्रदान किया।

गौरतलब है कि 23 जून 2026 को गोसाईंगंज क्षेत्र के अमेठी कस्बे में एक सर्राफा व्यापारी दुकान बंद कर घर लौट रहा था। इसी दौरान बाइक सवार तीन बदमाशों ने व्यापारी को रोक लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने व्यापारी के पैर में गोली मार दी और सोने-चांदी के जेवरात से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। लूटे गए आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 1.50 करोड़ रुपये बताई गई थी।

🔔 हर बड़ी खबर सबसे पहले WhatsApp पर
हमारे WhatsApp Group से जुड़ें
JOIN

घटना के बाद लखनऊ कमिश्नरेट पुलिस ने कई टीमें गठित कर जांच शुरू की। सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए जौनपुर निवासी दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से लूटे गए सोने-चांदी के अधिकांश जेवरात, घटना में प्रयुक्त हथियार और वाहन भी बरामद किए गए।

इसे भी पढ़ें.  Career Rashifal 31 July 2026: मेष, कर्क और कुंभ राशि वालों को मिलेगा बड़ा मौका, जानें सभी 12 राशियों का हाल

लूटकांड के सफल अनावरण और सर्राफा व्यापारियों की संपत्ति बरामद होने पर गोसाईंगंज व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुनील गुप्ता, गंगागंज व्यापार मंडल के अध्यक्ष राघवेंद्र सिंह तथा अमेठी के सर्राफा व्यापारी दीपचंद वर्मा, रवि वर्मा समेत अन्य व्यापारियों ने पुलिस अधिकारियों का सम्मान किया।

सम्मान समारोह में डीसीपी दक्षिणी अमित कुमार आनंद, एडीसीपी बसंत कुमार राल्लापल्ली, एसीपी गोसाईंगंज ऋषभ यादव, प्रभारी निरीक्षक डी.के. सिंह, सर्विलांस सेल की टीम और थाना गोसाईंगंज पुलिस टीम को सम्मानित कर उनके कार्य की सराहना की गई।

व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि पुलिस की त्वरित कार्रवाई, पेशेवर जांच और संवेदनशीलता के कारण न केवल लूटकांड का खुलासा हुआ, बल्कि व्यापारियों का कानून-व्यवस्था पर विश्वास भी मजबूत हुआ। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी पुलिस इसी तरह अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करती रहेगी।

पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा कमिश्नरेट पुलिस की प्राथमिकता है और अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *